ब्रेकिंग: खातेगांव TI दिलीप पूरी को शराब तस्करों ने रौंदा, आयशर वाहन की चपेट में आने से हुई मौत, टीम के साथ कार्रवाई करने पहुंचे थे थाना प्रभारी
By Ashish Meena
नवम्बर 2, 2026
मालवा जंक्शन, खातेगांव।
देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुँचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए। वाहन की चेकिंग और कार्रवाई के दौरान अनियंत्रित आयशर वाहन के पिछले पहिए की चपेट में आने से थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। इस अचानक हुई घटना से पूरे पुलिस महकमे और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
इंदौर-बैतूल हाईवे पर हुई घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी अपनी पुलिस टीम के साथ अवैध शराब तस्करी की सूचना मिलने पर इंदौर-बैतूल हाईवे पर पहुँचे थे। इसी दौरान नेमावर पुलिस भी संदिग्ध आयशर वाहन का पीछा करते हुए उसी तरफ आ रही थी। पुलिस टीम के पहुँचने पर वाहन हाईवे पर डिवाइडर के किनारे खड़ा हुआ था।
थाना प्रभारी पुरी ने जब चालक को वाहन से नीचे उतरने के लिए कहा, तो चालक ने बचने के लिए आयशर को अचानक डिवाइडर पर चढ़ाते हुए तेजी से आगे बढ़ा दिया। इसी जद्दोजहद में वाहन का पिछला पहिया थाना प्रभारी के ऊपर से गुजर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस टीम तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुँची।
डॉक्टरों ने बचाने की कोशिश की, एसपी पहुँचे अस्पताल
अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, शरीर पर गंभीर चोटें आने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी स्थिति नाजुक हो गई थी। डॉक्टरों ने करीब दो घंटे तक लगातार सीपीआर (CPR) और अन्य चिकित्सकीय प्रयासों से उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की गंभीरता को देखते हुए देवास एसपी आदित्य मिश्रा देर रात करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुँच गए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी चालक घटना के बाद आयशर वाहन को संदलपुर क्षेत्र में छोड़कर मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
