खातेगांव टीआई हत्याकांड के बाद देवास जिले में बड़ी कार्रवाई, चंदाना शराब कांड मे प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल गिरफ्तार, कोर्ट में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

By Ashish Meena
नवम्बर 2, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
देवास जिले में कर्तव्य पालन के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी (टीआई) दिलीप सिंह पुरी की शराब माफियाओं द्वारा दर्दनाक हत्या के बाद पुलिस महकमे और शासन स्तर पर हड़कंप मच गया है। रविवार देर रात इंदौर-बैतूल हाईवे पर अवैध शराब से भरे ट्रक की चेकिंग के दौरान शराब माफियाओं द्वारा टीआई पर ट्रक चढ़ाए जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे जिले में शराब माफियाओं के खिलाफ ताबड़तोड़ और सख्त कार्रवाई का दौर शुरू हो गया है।

इसी कड़ी में पुलिस ने देवास जिले के चांदना शराब कांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल को गिरफ्तार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व पुलिस ने इसी शराब कांड में आरोपी बनाए गए उनके बेटे अमन कासलीवाल को भी गिरफ्तार किया था। पिता आनंद कासलीवाल की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक गलियारों और क्षेत्र में सरगर्मी काफी तेज हो गई है।

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस आनंद कासलीवाल को न्यायालय में पेशी के लिए ले गई, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल देवास जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

केमिकल सप्लायरों तक पहुंची पुलिस की जांच, अब तक 11 गिरफ्तार
देवास के चंदाना क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और संदिग्ध मौतों के मामले में पुलिस की पड़ताल अब अवैध केमिकल नेटवर्क की जड़ों तक पहुंच गई है। मामले में कोतवाली पुलिस ने इंदौर निवासी अमन (पिता आनंद कासलीवाल) को प्रकरण में आरोपित बनाकर पूर्व में ही गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि अमन ने अवैध व केमिकलयुक्त शराब बनाने वाले गिरोह को घातक केमिकल बेचा था

थाना प्रभारी दिलीप सिंह पुरी के निधन से जहां एक ओर पूरे पुलिस महकमे और खातेगांव क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन अब अवैध शराब के पूरे नेटवर्क और तस्करों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी संलिप्त आरोपियों पर कठोरतम कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।