खातेगांव TI दिलीप पुरी के शव से लिपटकर पत्नी ने कही दिल की बात, सुनकर फफक पड़े सारे पुलिस अफसर
By Ashish Meena
नवम्बर 2, 2026
मालवा जंक्शन, खातेगांव।
देवास के खातेगांव में शराब तस्करों द्वारा ट्रक से कुचलकर टीआई दिलीप पुरी को मार दिया गया. इसके बाद डेडबॉडी उनके परिजन इंदौर स्थित ओमेक्स सिटी के निवास पर लाए. यहां दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि देने के लिए पुलिस विभाग के कई अफसर मौजूद रहे. डेडबॉडी जैसे ही घर के दरवाजे पर पहुंची तो पूरी कॉलोनी के लोग जमा हो गए. सभी के आंसू बह रहे थे. डेडबॉडी से लिपट कर पत्नी ने जब कहा “आपने दो दिन से कुछ खाया नहीं’. ये सुनकर पुलिस अफसर भी फफक उठे.
आईपीएस पुनीत गहलोत के छलके आंसू
खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी के परिवार में उनकी पत्नी और बच्चे सहित अन्य परिजन इंदौर में रहते हैं. जैसे ही दिलीप पुरी का शव उनके निवास पर पहुंचा तो हर किसी के आंसू भर आए. पत्नी व बच्चे लगातार उन्हें वापस आ आने की बात कहते हुए विलाप कर रहे थे. अंतिम विदाई देने के लिए पूर्व एसपी पुनीत गहलोत, कलेक्टर नेहा मीणा सहित उनके बैच के कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. अपने प्रिय थाना प्रभारी का शव देखकर देवास के तत्कालीन एसपी पुनीत गहलोत फूट-फूटकर रोने लगे. उनके पार्थिव देह को अंतिम संस्कार के लिए धार जिले के सरदारपुर में ले जाया गया.
बेहद जांबाज और काबिल अफसर थे दिलीप पुरी
देवास के पूर्व एसपी पुनीत गहलोत ने कहा “दिलीप पुरी बेहद जांबाज पुलिस निरीक्षक थे. उनके साथ हुई घटना से पूरा पुलिस विभाग स्तब्ध है. मैं उनकी आत्मा की शांति और परिवार को इतना बड़ा दुख सहने की क्षमता प्रदान करने की प्रार्थना भगवान से करता हूं.” थाना प्रभारी अशोक पाटीदार का कहना है “दिलीप पूरी काबिल पुलिस अधिकारी थे. जिस तरह से उनके साथ कृत्या हुआ, इसकी भरपूर निंदा की जा रही है.”
इंदौर के एक थाने में साथ काम कर चुके कमल किशोर का कहना है “इंदौर के हीरानगर थाने में सब इंस्पेक्टर रहते हुए उन्होंने साथ काम किया. उनकी कार्यप्रणाली काफी अच्छी थी. वह अपने निचले स्तर के अधिकारी और पुलिसकर्मियों का वह काफी सम्मान करते थे.” वहीं, इस घटना के बाद पुलिस कर्मियों में काफी रोष है.
