खातेगांव थाना प्रभारी हत्याकांड की जांच करेंगे डीजीपी उपेंद्र जैन, कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल का नाम आया सामने, TI दिलीप पुरी की पत्नी को एसआई की नौकरी और 1 करोड़ की आर्थिक सहायता देने का ऐलान

By Ashish Meena
नवम्बर 2, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
देवास जिले की खातेगांव विधानसभा में अवैध शराब का परिवहन रोकने के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की पिकअप वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। यह हत्याकांड अब पुलिस जांच के साथ राजनीतिक विवाद का विषय भी बन गया है। मामले की जांच डीजीपी उपेंद्र जैन करेंगे। शराब तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल के बीच कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल और उनके भाई मनीष जायसवाल का नाम सामने आया है। हालाँकि कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल ने एक वीडियो जारी कर इन आरोपों का खंडन किया है।

सीएम मोहन यादव ने जताया शोक

सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा- देवास जिले के खातेगांव में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कर्तव्य निर्वहन करते हुए थाना प्रभारी श्री दिलीप पुरी जी के दिवंगत होने का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस कठिन समय में शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। घटना की जांच के लिए स्पेशल DG श्री उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया है। मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वीर बलिदानी श्री दिलीप पुरी जी की धर्मपत्नी को एसआई के पद पर अनुकंपा नियुक्ति एवं परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

Also Read – ब्रेकिंग: खातेगांव TI दिलीप पूरी को शराब तस्करों ने रौंदा, आयशर वाहन की चपेट में आने से हुई मौत, टीम के साथ कार्रवाई करने पहुंचे थे थाना प्रभारी

शराब माफिया को लेकर फिर उठे सवाल

दरअसल सोमवार तड़के इंदौर-बैतूल हाईवे पर नेमावर रोड के पास अवैध शराब के परिवहन की सूचना पर पुलिस की अलग-अलग टीमें वाहनों की जांच कर रही थीं। इसी दौरान एक संदिग्ध आयशर वाहन को रोकने की कोशिश में टीआई दिलीप पुरी को कुचल दिया गया। इससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद सामने आए वीडियो में वाहन के भीतर शराब की पेटियां छिपाकर ले जाने का तरीका भी दिखाई दिया है।

शराब कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल

पुलिस सूत्रों के हवाले से शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच में हरदा के शराब कारोबारी, लिकर कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल का नाम सामने आने की जानकारी है। उनके मैनेजर राणा से पूछताछ किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, राहुल जायसवाल ने खुद को निर्दोष बताया है। जिस वाहन से टीआई की मौत हुई, वह खरगोन निवासी अकील कुरैली के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है। टिमरनी से भी कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। फिलहाल जांच में इन लोगों की भूमिका और शराब के परिवहन से जुड़े नेटवर्क की कड़ियों को स्पष्ट किया जाना बाकी है।

राहुल जायसवाल को लेकर भाजपा ने जीतू पटवारी से किए सवाल

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से पूछा है कि राहुल जायसवाल को खातेगांव विधानसभा का प्रभारी क्यों बनाया गया था। उन्होंने राहुल जायसवाल और मनीष जायसवाल की शराब कारोबार में साझेदारी का उल्लेख करते हुए कांग्रेस से इस संबंध में जवाब मांगा है। सुरेंद्र शर्मा ने शराब माफिया के तार कांग्रेस से जुड़े होने का आरोप भी लगाया है।

दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जब कानून के रक्षक ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी अपनी सुरक्षा की क्या उम्मीद करे। उन्होंने मुख्यमंत्री से कागजी कार्रवाई और दिखावे के बजाय शराब माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा पुलिसकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने भी सरकार को घेरते हुए टीआई दिलीप पुरी की मौत को हादसा मानने से इनकार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब माफिया ने उनकी हत्या कराई है। मिश्रा ने प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार और पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर सरकार से जवाब मांगा है। हालांकि, घटना हत्या थी या नहीं, यह जांच का विषय है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।