मध्यप्रदेश में दिवाली की रात आग से 13 लोगों की मौत, कटनी में परिवार के 6 लोग जिंदा जले, सिवनी में भी 6 की गई जान

By Ashish Meena
नवम्बर 9, 2026

मालवा जंक्शन, भोपाल।
मध्य प्रदेश में दीपावली की रात 3 परिवारों के लिए मातम लेकर आई। कटनी के बरही और सिवनी के छपारा में मकानों में लगी आग में जलने से 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 5 महिलाएं, 4 पुरुष और 4 बच्चे हैं। बरही में तीन मंजिला मकान में लगी आग से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें 2 महीने का मासूम, दो बच्चियां, उनकी मां और दादा-दादी शामिल हैं। सिवनी में सराफा व्यापारी के मकान में आग लगने से 6 लोगों की जान चली गई। दोनों जगह कुछ लोग किसी तरह बाहर निकलकर बचने में कामयाब रहे। दोनों जगहों पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, उज्जैन में दो मंजिला मकान के नीचे बनी दो दुकानों में अचानक आग भड़क उठी। इस दौरान 107 साल के बुजुर्ग की दम घुटने से मौत हो गई।

सिवनी के मकान में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे

सिवनी जिले के छपारा में दीपावली की रात एक सराफा व्यापारी के मकान में आग लग गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 4 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। घटना के समय मकान में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे। इनमें से 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 6 की जान चली गई। आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरे मकान में फैल चुकी थी।

कटनी में तीन मंजिला मकान में फैली आग

कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल की क्राकरी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग तीन मंजिला इमारत में फैल गई। हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम और परिवार के तीन बच्चे शामिल हैं। इनमें 14 साल की आर्या, 6 साल की अन्वी और दो महीने का मासूम शामिल है। आग लगने के करीब एक घंटे बाद नगर परिषद बरही का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से दूसरा दमकल वाहन पहुंचा। उसकी पाइप में भी खराबी बताई गई। इससे आग बुझाने में परेशानी हुई। बाद में कैमोर और कटनी से भी दमकल वाहन बुलाए गए। आग बुझाने और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सुबह तक मशक्कत चलती रही। इस दौरान बरही के स्थानीय युवाओं ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की। हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। आग की लपटें देखकर दोनों ने शोर मचाया और बाहर की ओर भागे। परिवार के बाकी सदस्य इमारत में फंसे रह गए।

मां की गोद में लिपटा था दो महीने का मासूम

हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू दो महीने के मासूम की मौत रही। वह अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल के कमरे में था। मां की गोद में लिपटे मासूम को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। वहीं, चंद्रकला और परिवार की दोनों बच्चियां भी इमारत के दूसरे हिस्से में फंसी थीं। सुबह रेस्क्यू के दौरान उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अधिकारियों के सामने नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि अगर प्रशासन और दमकल की गाड़ियां समय पर सक्रिय हो जातीं, तो कुछ लोगों की जान बचाई जा सकती थी। इधर, बरही शासकीय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए तीन डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है।

उज्जैन: दुकानों में आग लगी, मकान में फंसे 10 लोग

उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में दीपावली की रात दो मंजिला मकान के नीचे बनी दो दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग और धुआं ऊपर बने मकान तक पहुंच गया। उस समय मकान में विश्वकर्मा परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे। सभी आग और धुएं के बीच फंस गए। व्यापारियों, स्थानीय लोगों, पुलिस और नगर निगम की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। हालांकि, इस दौरान 107 वर्षीय बुजुर्ग की दम घुटने से मौत हो गई। परिवार के कमलेश ने बताया कि सभी ने दीपावली का पूजन किया था। इसके बाद बच्चे पटाखे फोड़ने के लिए नीचे जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी मकान में धुआं भर गया और परिवार के सदस्य उसकी चपेट में आ गए।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»