देवास: पति ने पत्नी का होंठ काटा, तीन साल पहले हुई थी लव मैरिज

By Ashish Meena
जुलाई 16, 2026

देवास में बुधवार को रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी प्रेम विवाह करने वाली पत्नी पर कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पत्नी को खाना खिलाने के बहाने सुनसान जगह पर ले जाकर बेरहमी से पीटा और फिर चाकू से उसका होंठ काट दिया। वारदात के बाद वह पत्नी और मासूम बच्ची को वहीं छोड़कर फरार हो गया।

गंभीर रूप से घायल महिला रिहाना (27), निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज जारी है। रिहाना ने बताया कि उसका पहले तलाक हो चुका था, जिसके बाद उसने तीन साल पहले अबरार से कोर्ट मैरिज की थी।

शादी के बाद से ही परेशान करता था

रिहाना के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद से ही पति अबरार उसे पारिवारिक विवादों को लेकर परेशान करता था। बुधवार शाम को अबरार उसे और उनकी छोटी बच्ची को खाना खिलाने का बोलकर बाइक से शंकरगढ़ पहाड़ी स्थित एक रेस्टोरेंट के पास ले गया।

रेस्टोरेंट में भोजन करने के बाद पति, पत्नी और बच्ची को शंकरगढ़ क्षेत्र में एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने रिहाना के साथ मारपीट की और फिर धारदार हथियार से उसके होंठ पर हमला कर दिया, जिससे उसका होंठ बुरी तरह कट गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

चाकू मारकर आरोपी घर भी गया

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रात करीब 10 बजे घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। महिला के बेटे ने बताया कि उसके पिता (अबरार) पिछले कुछ समय से लगातार उन्हें परेशान कर रहे थे। घटना के बाद आरोपी घर भी आया, लेकिन उसने हमले की जानकारी किसी को नहीं दी। बाद में मां से पूरी घटना का पता चलने पर वे थाने पहुंचे।

जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि महिला के होंठ पर गंभीर चोट है और प्रथम दृष्टया यह हमला धारदार हथियार से किया जाना प्रतीत होता है। महिला का उपचार जारी है। औद्योगिक थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»